14 अक्टूबर, 2026

आज हम WhatsApp कॉलिंग को पहले से कहीं ज़्यादा आसान बना रहे हैं. गेस्ट कॉलिंग की मदद से, अब आप किसी को भी WhatsApp कॉल में जुड़ने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं – भले ही उनका कोई WhatsApp अकाउंट न हो. इसका मतलब है कि सभी के लिए मुफ़्त, एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड कॉलिंग की सुविधा मिलेगी जिसमें कोई समय सीमा नहीं होगी. इससे कॉल अचानक से कटेगी नहीं, न ही आपको कॉल रीस्टार्ट करने की ज़रूरत पड़ेगी और न ही सभी को फिर से कॉल में शामिल होने का इंतज़ार करना होगा.
मेहमान के तौर पर कॉल में जुड़ने के लिए, आपको हमेशा कॉल के होस्ट की परमिशन लेनी होगी. जब तक होस्ट मेहमानों को परमिशन नहीं देते, तब तक वे वेटिंग रूम में रहेंगे और मेहमानों को किसी भी समय कॉल से हटाया जा सकता है. मेहमान, कॉल में शामिल अन्य लोगों के फ़ोन नंबर नहीं देख सकते, मैसेज नहीं भेज सकते और न ही किसी को सीधे कॉल में जोड़ सकते हैं.
इसका इस्तेमाल करने के लिए, WhatsApp में 'कॉल' टैब पर जाएँ, "+" आइकन चुनें, कॉल लिंक बनाएँ और उसे अपने उन कॉन्टैक्ट को भेजें जिनसे आप बात करना चाहते हैं – जैसे कि आपके सहकर्मी, क्लासमेट या ट्यूटर – आपको इस बात की चिंता करने की ज़रूरत नहीं है कि उनके पास कौन सा ऐप है या कौन सा नहीं. मेहमान अपने कंप्यूटर ब्राउज़र में लिंक खोल सकते हैं, अपना नाम लिख सकते हैं और होस्ट के शामिल करने के बाद 1:1 और ग्रुप कॉल में 32 लोगों के साथ कॉल में शामिल हो सकते हैं. जिन लोगों के पास WhatsApp अकाउंट है सिर्फ़ वे ही कॉल लिंक बना सकते हैं.
गेस्ट कॉल के दौरान इस्तेमाल होने वाले सामान्य फ़ीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे कि साथ मिलकर काम करने और मैटेरियल रिव्यू करने के लिए अपनी कंप्यूटर स्क्रीन शेयर करना, थंब्स अप या हार्ट इमोजी के ज़रिए रिएक्शन देना या बातचीत में शामिल होने के लिए अपना हाथ उठाना.
इस साल के अंत में हम नया कैलेंडर इंटीग्रेशन शुरू करने वाले हैं, ताकि आप सीधे अपने Google या Outlook कैलेंडर से WhatsApp कॉल कर सकें. बस WhatsApp प्लग-इन इंस्टॉल करें, अपना अकाउंट कनेक्ट करें और अपने आमंत्रण में WhatsApp कॉल का लिंक जोड़ें. आप जिन लोगों को आमंत्रित करेंगे, वे WhatsApp अकाउंट के साथ या इसके बिना जुड़ सकते हैं.
इस साल किए गए हमारे कॉलिंग अपडेट की सीरीज़ में गेस्ट कॉलिंग और कैलेंडर इंटीग्रेशन सबसे नए अपडेट हैं. हमारा मानना है कि चाहे आप कहीं भी हों और किसी से भी बात करना चाहें, आपके पास WhatsApp कॉलिंग की सुविधा हमेशा होनी चाहिए. साथ ही, इसमें आपकी प्राइवेसी का ध्यान भी रखा जाना चाहिए.